कोई महबूब सितमगर भी तो हो सकता है

कोई महबूब सितमगर भी तो हो सकता है
फूल के हाथ में खंजर भी तो हो सकता है,

एक मुद्दत से जिसे लोग ख़ुदा कहते है
छु के देखो कि वो पत्थर भी तो हो सकता है,

मुझको आवारगी ए इश्क़ का इल्ज़ाम न दो
कोई इस शहर में बेघर भी तो हो सकता है,

कैसे मुमकिन कि उसे जान के बराबर समझूँ
वो मेरी जान से बढ़ कर भी तो हो सकता है,

सिर्फ़ सावन ही तो नहीं आग लगाने वाला
जून की तरह दिसम्बर भी तो हो सकता है,

चाक दामन से मेरे मुझको बुरा मत समझो
कोई युसुफ सा पयम्बर भी तो हो सकता है,

सिर्फ़ चेहरों पे लताफ़त कोई मौकुफ़ नहीं
चाँद जैसा कोई पत्थर भी तो हो सकता है,

तुम सरे राह मिले थे तो कभी फिर से मिलो
हादसा शहर में अक्सर भी तो हो सकता है,

सारा इल्ज़ाम ए जफा उस पे कहाँ तक रखूँ
ये मेरा अपना मुक़द्दर भी तो हो सकता है,

क्या ज़रूरी है कि हम सर को झुकाएँ ज़ख़्मी
एक सजदा मेरे अन्दर भी तो हो सकता है..!!

~सिराज आलम ज़ख़्मी


Discover more from Bazm e Shayari :: बज़्म ए शायरी -Hindi / Urdu Poetry, Ghazals, Shayari

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply