हम से भागा न करो दूर ग़ज़ालों की तरह

हम से भागा न करो दूर ग़ज़ालों की तरह
हम ने चाहा है तुम्हें चाहने वालों की तरह,

ख़ुद ब ख़ुद नींद सी आँखों में घुली जाती है
महकी महकी है शब ए ग़म तेरे बालों की तरह,

तेरे बिन रात के हाथों पे ये तारों के अयाग़
ख़ूबसूरत हैं मगर ज़हर के प्यालों की तरह,

और क्या इस से ज़्यादा कोई नरमी बरतूँ ?
दिल के ज़ख़्मों को छुआ है तेरे गालों की तरह,

गुनगुनाते हुए और आ कभी उन सीनों में
तेरी ख़ातिर जो महकते हैं शिवालों की तरह,

तेरी ज़ुल्फ़ें तेरी आँखें तेरे अबरू तेरे लब
अब भी मशहूर हैं दुनिया में मिसालों की तरह,

हम से मायूस न हो ऐ शब ए दौराँ कि अभी
दिल में कुछ दर्द चमकते हैं उजालों की तरह,

मुझ से नज़रें तो मिलाओ कि हज़ारों चेहरे
मेरी आँखों में सुलगते हैं सवालों की तरह,

और तो मुझको मिला क्या मेंरी मेहनत का सिला
चंद सिक्के हैं मेंरे हाथ में छालों की तरह,

जुस्तुजू ने किसी मंज़िल पे ठहरने न दिया
हम भटकते रहे आवारा ख़यालों की तरह,

ज़िंदगी जिस को तेरा प्यार मिला वो जाने
हम तो नाकाम रहे चाहने वालों की तरह..!!

~जाँ निसार अख़्तर


Discover more from Bazm e Shayari :: बज़्म ए शायरी -Hindi / Urdu Poetry, Ghazals, Shayari

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply